चंबा में बारिश के बीच धुंध से घिरी भरमौर की पहाड़ियों का दृष्य।संवाद
चंबा। जनजातीय क्षेत्र भरमौर की ऊपरी चोटियों मणिमहेश, कुगती, चौबिया, काली छौ में 5.08 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। वहीं, पर्यटन स्थल डलहौजी में बारिश के साथ ओलावृष्टि होने से तापमान में काफी गिरावट आई है।
आसमान से बरसी रात की बूंदों के बीच परिवार के साथ डलहौजी घूमने पहुंचे पर्यटकों ने बारिश में भीगने का आनंद उठाया। जिले में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान से लोगों को राहत मिली। हल्की बारिश के बाद अब क्षेत्र में मौसम कूल-कूल हो गया है। दोपहर बाद स्कूली विद्यार्थी छाता लेकर आवाजाही करते नजर आए। हल्की बारिश के बाद अब निचले क्षेत्रों में किसान मक्की समेत अन्य सब्जियों की बिजाई के कार्य में जुट जाएंगे।
जिला चंबा में भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय लोग अपने घरों में ही कैद होकर रहने को विवश हो चुके हैं। भीषण गर्मी के चलते खेतों में उगाई गई सब्जियां भी सूख चुकी हैं। बारिश होने की आस लेकर लोग मंदिरों का भी रुख कर रहे हैं। ऐसे में बुधवार दोपहर बाद यकायक मौसम में होने वाले बदलाव के बाद भरमौर की ऊपरी चोटियों में हल्की बर्फबारी हुई, जबकि जिले के निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश ने लाेगों को शरीर झुलसा देने वाली गर्मी से राहत देने का काम किया। पर्यटन स्थल डलहौजी में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। बारिश के बीच पर्यटकों ने जमकर चहलकदमी की।