बनीखेत (चंबा)। चंबा से पठानकोट जा रही एचआरटीसी की बस सोमवार शाम को दुनेरा के समीप खराब हो गई।
बस की वायरिंग से धुआं निकलने लगा लेकिन चालक की तत्परता और सूझबूझ के चलते एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। आधे घंटे के बाद बस अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई। यात्रियों अमित कुमार, नेहा कुमारी, बजर सिंह, योगराज, राकेश कुमार ने बताया कि शाम करीब पांच बजे बस जैसे ही दुनेरा बाजार के पास पहुंचने वाली थी, तभी चालक ने बस की वायरिंग से धुआं निकलते देखा। उसने बस को सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर रोक दिया और सभी यात्रियों को बस से नीचे उतरने के लिए कहा। बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। चालक और परिचालक ने स्वयं बस की जांच की। जांच में पता चला कि कॉपर की एक तार का शेल पिघल जाने के कारण वायरिंग में धुआं निकल रहा था। इसके बाद दोनों कर्मचारियों ने मौके पर ही खराबी को ठीक किया और बस को दोबारा गंतव्य की ओर रवाना कर दिया। यात्रियों को करीब आधा घंटा सड़क के किनारे इंतजार करना पड़ा। संवाद