बनीखेत (चंबा)। बनीखेत के पद्दर में सोमवार देर शाम एक महिंद्रा पिकअप वाहन में अचानक धुआं निकलने से अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद एक युवक की सूझबूझ से समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों राहुल कुमार, विनोद कुमार, सुनील कुमार, प्रकाश चंद और अशोक कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चालक जब वाहन स्टार्ट कर रहा था, तब बोनट से काला धुआं और जलने की गंध आने लगी। चालक ने तुरंत बोनट खोलकर देखा तो इंजन के पास से धुआं उठ रहा था। पास खड़े गुर बहादुर नामक युवक ने तत्परता दिखाते हुए वाहन की बैटरी के तार निकाल दिए। इस त्वरित कार्रवाई से संभावित आग की घटना टल गई। युवक की सूझबूझ से वाहन चालक सहित आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।