चंबा में बर्फबारी के बाद जोत मार्ग बहाल होने पर गुजरते वाहन।संवाद
खज्जियार (चंबा)। बर्फबारी के छह दिन बाद चंबा-जोत मार्ग छोटे वाहनों के लिए बहाल हो गया है।
लोक निर्माण विभाग की मशीनरी और टीम ने मंगलवार दोपहर बाद मार्ग को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया है। हालांकि, अभी मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। वहीं, चंबा-खज्जियार मार्ग पर बुधवार से बड़े वाहनों की आवाजाही सुचारू हो सकती है। चंबा-जोत-चुवाड़ी मार्ग छोटे वाहनों के लिए खुलने से लोगों ने राहत की सांस ली है।
भारी बारिश और बर्फबारी के चलते चंबा-जोत-चुवाड़ी मार्ग पर करीब दो फीट तक हिमपात हुआ था। इस कारण यह मार्ग यातायात के लिए बंद हो गया था। इस कारण लोगों और वाहन चालकों को वाया बनीखेत बाहरी राज्यों का रुख करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों को भी आवाजाही करने में दिक्कतें हो रही थीं। अब लोक निर्माण विभाग ने मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर लोगों को राहत दी है। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता शैलेश राणा ने बताया कि मार्ग पर पड़ी डेढ़ से दो फीट बर्फ को हटाकर चंबा-जोत मार्ग को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है। उन्होंने मार्ग पर रात के समय फिसलन अधिक होने पर सफर करने से परहेज करने की अपील कही है।