चंबा। चंबा-किलाड़ (वाया सचे जोत) मार्ग पर हल्के वाहनों के लिए यातायात बहाल कर दिया है। इस संबंध में आदेश जारी करते हुए अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मेहरा ने बताया कि भारी बर्फबारी के कारण 30 नवंबर 2024 से अवरूद्ध चंबा-किलाड़ (सचे जोत) मार्ग अब हल्के मोटर वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने कहा कि हालांकि, सचे पास पर मौसम की स्थिति अप्रत्याशित बनी हुई है और ग्लेशियरों के पिघलने से उत्पन्न होने वाले प्राकृतिक खतरों की संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। इसलिए उचित सुरक्षा उपायों और सावधानियों के साथ इस मार्ग पर हल्के मोटर वाहनों के लिए यातायात बहाल करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 155 के तहत प्राप्त शक्तियों का उपयोग करते हुए उपमंडल अधिकारी (नागरिक), पांगी और सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग उपमंडल तरैला स्थित किलाड़ की सिफारिश पर तत्काल प्रभाव से चंबा-किलाड़ मार्ग को हल्के मोटर वाहनों के लिए खोलने के आदेश जारी किए हैं। इस संबंध में दिशा-निर्देश लागू किए गए हैं। बैरागढ़ और प्रेग्रां चेकपोस्ट से प्रतिकूल मौसम के दौरान यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। दोनों चेकपोस्टों पर वाहनों और यात्रियों का विवरण दर्ज किया जाएगा। यह रिकाॅर्ड प्रत्येक माह के पहले सप्ताह में जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (डीईओसी) के साथ साझा किया जाएगा। दोनों चेकपोस्टों पर वाहनों की ओवरलोडिंग की जांच की जाएगी। नियामक प्राधिकरण की ओर से नियमित अंतराल पर वाहनों का निरीक्षण किया जाएगा।