भरमौर की 29 पंचायतों के लोगों को परेशानी
चंबा। जनजातीय क्षेत्र भरमौर की 29 पंचायतों के लोगों को अपनी आंखों का इलाज करवाने के लिए भटकना पड़ रहा है। नागरिक अस्पताल से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक भी नेत्र रोग विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं है। इससे भरमौर से नेत्र रोगियों को अपना इलाज करवाने के लिए 60 किलोमीटर दूर चंबा जाना पड़ता है। जबकि भरमौर के दूरदराज के इलाकों के लिए यह दूरी दोगुनी हो जाती है। इसकी वजह से कई नेत्र रोगी अपनी आंखों का इलाज नहीं करवा पाते। स्थानीय विधायक नेत्र जांच शिविर लगाकर भरमौर के लोगों को सुविधा प्रदान करने की बात कर रहे हैं जबकि लोग स्वास्थ्य संस्थानों में स्थायी विशेषज्ञ की मांग कर रहे हैं। वहीं भरमौर में एक निजी संस्था शिविर लगाकर लोगों को राहत पहुंचा रही है। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर विशाल महाजन ने बताया कि भरमौर अस्पताल में नेत्र रोग विशेषज्ञ की तैनाती को लेकर सरकार को अवगत करवाया जाएगा।