चंबा में कांग्रेस की ओर से डिनोटीफाई किए गए संस्थानों को लेकर हस्ताक्षर अभियान के दौरान हस्ताक्
चंबा। प्रदेश में सरकार की ओर से बंद किए जा रहे संस्थानों के खिलाफ भाजपा ने हस्ताक्षर अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को पूर्व विधायक पवन नैयर की अगुवाई में भाजपा ने चंबा शहर में हस्ताक्षर अभियान चलाया। इसमें भाजपा के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे। पूर्व विधायक ने कहा कि प्रदेश और जिले में पूर्व की भाजपा सरकार ने लोगों की सुविधा के लिए कई संस्थान खोले थे। इन संस्थानों की वजह से लोगों को घर-द्वार के नजदीक मूलभूत सुविधाएं मिल रही थीं लेकिन कांग्रेस ने सत्ता में आते ही इन संस्थानों को बंद कर दिया। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि अब किसानों से दो रुपये प्रति किलो गोबर क्यों नहीं खरीदा जा रहा है। इसके अलावा प्रदेश के लोगों को 300 यूनिट बिजली भी मुफ्त नहीं दी जा रही है। कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही मुफ्त बिजली देना तो दूर की बात जो बिजली मुफ्त मिल रही थी उसमें भी कटौती कर दी है। इसको लेकर अब आम जनता कांग्रेस के विधायकों से जवाब मांगेगी। कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा पूरी तरह से साफ हो जाएगा।