चंबा कॉलेज में एसएफआई कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए।
- फोटो : Chamba
चंबा। चंबा कॉलेज में प्राध्यापकों की कमी को लेकर शनिवार को एसएफआई इकाई ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। परिसर उपाध्यक्ष रेहमतुल्ला ने प्रदर्शन के दौरान अपने संबोधन में कहा कि कॉलेज में प्राध्यापकों की कमी से पढ़ाई का माहौल बिगड़ रहा है। लेकिन, इसको लेकर प्रदेश सरकार जरा भी गंभीर नहीं है। हालात ऐसे हो गए हैं कि छात्रों की नियमित रूप से कक्षाएं भी नहीं लग पा रही हैं। इसकी वजह से पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। कॉलेज प्रशासन बचे हुए प्राध्यापकों से पढ़ाई करवाने का प्रयास कर रहा है। लेकिन छात्रों की ज्यादा संख्या होने से प्राध्यापकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को गंभीरता दिखाते हुए कॉलेज में प्राध्यापकों के रिक्त पद भरने होंगे अन्यथा प्राध्यापकों के पद भरवाने के लिए एसएफआई को उग्र आंदोलन करना पड़ेगा। कहा कि कॉलेज में शारीरिक शिक्षा का एक भी प्राध्यापक नहीं है। अन्य कुछेक विषयों के भी एक-एक प्राध्यापक कॉलेज में मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में प्रदेश में 12 हजार से अधिक अध्यापकों के पद खाली पड़े हैं। सरकार ने जल्द पदों को नहीं भरा तो एसएफआई उग्र आंदोलन करने से भी गुरेज नहीं करेगी। इसके बाद जो भी परिस्थिति पैदा होगी। उसकी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी। इस मौके पर इकाई के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।