सड़क और रास्तों पर बह रही सीवरेज की गंदगी
राहगीरों समेत स्कूली बच्चों को भी हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर में मल निकाली योजना लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। सीवरेज के चैंबर लीक होने से खुले में गंदगी बह रही है। इससे वातावरण के प्रदूषित होने का खतरा भी बढ़ गया है। सड़क से लेकर लोगों के घरों को जाने वाले रास्तों पर सीवरेज की गंदगी नजर आ रही है। इससे स्थानीय लोग काफी परेशान हैं। इतना ही नहीं लोगों के घरों और खेतों में भी यह गंदगी पहुंच रही है। इससे गर्मी के मौसम में बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। गर्मी के मौसम में इस प्रकार की गंदगी में बीमारी फैलाने वाले मक्खी मच्छर पनपते हैं। समय रहते लोगों को इस गंदगी से निजात नहीं दिलाई गई तो आने वाले दिनों में इसके बुरे परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
भरमौर के पुराने बस अड्डे में बीते छह माह से सीवरेज का चैंबर लीक हो रहा है लेकिन अभी तक जलशक्ति विभाग ने इस लीकेज को दुरुस्त करवाने की जहमत नहीं उठाई है। व्यापार मंडल कई बार चैंबर की लीकेज को दुरुस्त करवाने के लिए विभाग को सूचित कर चुका है लेकिन अभी तक विभाग ने इस दिशा में कोई भी कदम नहीं बढ़ाए हैं। लोगों को गंदगी के बीच होकर आवाजाही करनी पड़ रही है। स्कूली बच्चे भी इस गंदगी से परेशान हैं। व्यापार मंडल के प्रधान रंजीत शर्मा समेत स्थानीय निवासी अशोक कुमार, हंसराज, केवल, सुनील कुमार और जितेंद्र ने बताया कि भरमौर में सीवरेज व्यवस्था चरमरा चुकी है। चैंबर से लेकर सीवरेज लाइनों का बुरा हाल है। चारों तरफ गंदगी का आलम है। उन्होंने विभाग से इस समस्या का समाधान करवाने की मांग की है। जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता हरमिंद्र चौणा ने बताया कि पुराने बस अड्डे के पास कुछ लोगों ने अपनी मर्जी से सीवरेज लाइन को चैंबर से जोड़ दिया है। इससे वहां लीकेज की समस्या हो रही है। जल्द सीवरेज की समस्या का समाधान किया जाएगा।