चंबा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला में लगे खाद्य स्टालों से हल्दी पाउडर, किचन किंग, देगी मिर्च, गरम मसाला, मुन्ना ब्रांड चाय, अचार, सोया चंक्स आदि के सात सैंपल लिए हैं। टीम ने नूमनों को सील बंद कर जांच के लिए कंडाघाट लैब भेजा है। इतना ही नहीं, खाद्य विक्रेताओं को सख्त चेतावनी दी गई है और निर्देश दिया गया है कि जनता को एक्सपायर्ड डेट की खाद्य वस्तुएं न बेचें। यदि खाद्य पदार्थ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत निर्धारित मानकों से नीचे पाए जाते हैं तो उचित कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुगंधी कौंडल, मोहम्मद रियाज खाद्य विश्लेषक, बॉबी शर्मा परिचारक ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। उधर, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक आनंद ने बताया कि मिंजर मेले में बिकने वाले सभी खाद्य उत्पादों की बारीकी से जांच की जा रही है। खाद्य पदार्थों के सात नमूने लिए गए हैं जिन्हें जांच के लिए कंडाघाट लैब में भेजा गया है।