चंबा। जिला चंबा के राशन कार्ड धारकों को अब डिपुओं में राशन खरीद करने के लिए किसी प्रकार दिक्कत पेश नहीं आएगी। इसको लेकर जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने सूचना भी जारी कर दी है।
दो सितंबर से चार सितंबर तक राशन कार्ड लाभार्थियों का डाटा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सर्वर से राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के सर्वर में स्थानांतरित कर दिया गया है। इसके चलते ईपीओएस मशीनों ने डिपुओं में अब कार्य करना शुरू कर दिया है। इसके चलते अब राशन की खरीद के लिए राशन कार्ड उपभोक्ताओं को इंतजार नहीं करना पड़ेगा। ऐसे में जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं से आह्वान किया है कि वे अब डिपुओं में जाकर राशन की खरीद कर सकते हैं।
जानकारी के अनुसार जिले में विभिन्न श्रेणियों के करीब एक लाख चालीस राशन कार्ड धारक परिवार हैं। इनमें करीब साढ़े पांच लाख पारिवारिक सदस्य पंजीकृत हैं। इन्हें सरकार की ओर से हर माह सरकारी डिपुओं के माध्यम से राशन दिया जाता है। सरकार की ओर से खाद्यान्न पदार्थों की खरीद पर विशेष अनुदान दिया जाता है। गौरतलब है कि प्रदेश सरकार की ओर से राशन की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए यह कदम उठाया था। बहरहाल, अब यह कार्य पूरा हो गया है। इससे राशन वितरण में अब पारदर्शिता आएगी।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक पुरुषोत्तम ने बताया कि सर्वर अपडेट कर दिया गया है। अब डिपुओं में जाकर उपभोक्ता राशन की खरीद कर सकते हैं। कहा कि सरकार की इस पहल से राशन वितरण में ओर पारदर्शिता आएगी।