चंबा। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या निक्की जेहणी गोजरी गीत फेम हिमाचली लोक गायक ईशांत भारद्वाज के नाम रही। वहीं, एक से बढ़कर एक मनमोहक पहाड़ी गीतों की झड़ी लगाकर हिमाचली लोकगायक अजय भरमौरी ने दर्शकों को नचाने पर मजबूर कर दिया। लोक गायक ईशांत भारद्वाज ने शिवा रे कैलाशां भजन के साथ कार्यक्रम का आगाज किया।
इसके बाद उन्होंने सिमलो, निक्की जेहणी गोजरी, कान्हा री मुरली, लंबे लारे, बिंदरा बणा वो मेरी जोवणिए, जिंदगी नमाणी आदि गीतों की एक के बाद एक प्रस्तुतियां देकर पंडाल में बैठे दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। युवाओं की टोलियां पंडाल के बाहर मधुर गीतों पर नाचती नजर आईं। इस दौरान भारद्वाज ने दर्शकों की फरमाइश पर भी प्रस्तुतियां दीं। दर्शकों की फरमाइश पर भरमौरी ने इंद्रू नाग भजन की मनमोहक प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिरस में डुबो दिया। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या का आगाज उत्तम और चंपा की प्रस्तुति मुसादा गायन के साथ हुआ। इसके बाद देवीकोठी के इलवू राजपूत, मनीष कुमार, घिंद्र सिंह, रोहन कुमार, सचिन कुमार, चिराग, संदीप, रितिक शर्मा, सिमरन कुमारी, दीपक कुमार, मनीष कुमार, अनिल कुमार, अभिषेक, सरिता, टेक चंद, रमना कुमारी, अंजली पटियाल, प्रेरणा, अन्यनया, दीक्षा, वंशिका, शिवम, राहुल, गौरव, नीरज बड़ोतरा, विनोद ठाकुर, योगेश मुकुल, प्रभुजोत और रमेश कटोच और अरविंद डडवाल ने हिंदी, पंजाबी और पहाड़ी गीतों की एक के बाद एक मधुर प्रस्तुतियां देकर खूब वाहवाही लूटी। वहीं, हमीरपुर की नैंसी, किशन भारत, ऐंजल, अनन्या, भारती, मोनिका, वंशिका ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के दौरान शहर के सपड़ी मोहल्ला निवासी खुशी ने समूह नृत्य प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। कार्यक्रम के बीच संदीप एंड पार्टी ने कुंजड़ी मल्हार की प्रस्तुति भी दी।