स्मार्ट एग्रीकल्चर से कर सकेंगे अधिक पैसा अर्जित
कृषि विभाग के उपनिदेशक के साथ की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले के किसानों को आधुनिक वैज्ञानिक कृषि ‘स्मार्ट एग्रीकल्चर’ की तरफ मोड़ा जाएगा। इससे किसान कम जमीन पर भी अधिक पैसा अर्जित कर सकेंगे। हिमाचल किसान कांग्रेस चंबा के जिलाध्यक्ष डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि किसानों के उत्थान के लिए जल्द जिला किसान चंबा कृषि विभाग के वैज्ञानिकों के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने कृषि विभाग के उपनिदेशक चंबा डॉ. कुलदीप धीमान के साथ उनके कार्यालय में भेंट कर विस्तृत चर्चा की है। उन्होंने बताया कि जिले में कोई बड़ा उद्योग या कारखाना न होने के कारण अधिकांश ग्रामीण खेतीबाड़ी पर ही निर्भर हैं। ऐसे में किसानों की आर्थिकी को मजबूत करने के लिए स्मार्ट एग्रीकल्चर की तरफ उन्हें मोड़ने का प्रयास रहेगा। बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की किसानों की बेहतर आर्थिकी के लिए व्यापक योजनाएं किसानों के घर-द्वार तक पहुंचाने के लिए हिमाचल किसान कांग्रेस ने जिला चंबा ने बीड़ा उठाया है। इस अवसर पर जिला किसान कांग्रेस के कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन और मयूरेश कुमार भी मौजूद रहे।