तेलका (चंबा)। महाविद्यालय तेलका के विद्यार्थियों की धरना-प्रदर्शन की चेतावनी के बाद आखिरकार प्राथमिक पाठशाला सालवां को दो कमरे कॉलेज को वापस करने पड़े हैं।
महाविद्यालय के लिए कमरे मिलने से अब आगामी समय में विद्यार्थियों को खुले आसमान तले कक्षाएं लगाने से निजात मिली है। विद्यार्थियों का आंदोलन सफल रहा है।
बता दें कि तेलका कॉलेज का अपना भवन न होने से विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह कॉलेज वर्ष 2017 से केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला तेलका (सालवां) के पांच कमरों में चल रहा था। तीन कमरों में से एक कमरे में कॉलेज कार्यालय और दो कमरों में कक्षाएं चल रही थीं। इसके बाद दो कमरे प्राइमरी स्कूल प्रबंधन ने वापस ले लिए थे। कमरों में अभाव में विद्यार्थी खुले आसमान के नीचे पढ़ाई कर रहे थे। पिछले शुक्रवार को कॉलेज विद्यार्थियों ने केंद्रीय मुख्य अध्यापक सालवां को ज्ञापन सौंपकर तीन दिन के भीतर उनके कमरे खाली न करने पर विद्यालय परिसर में के बाहर धरना-प्रदर्शन करने को लेकर चेताया था। इतना ही नहीं, कॉलेज प्रबंधन की ओर से इस बाबत उपमंडलाधिकारी नागरिक को भी सूचित किया गया था। इसके मद्देनजर खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी किशोरी लाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजन किया गया। इस बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि महाविद्यालय से लिए गए दो कमरे वापस किए जाएं। बता दें कि एक कमरे में स्टोर बना कर रखा गया है। यहां के सामान को नीलाम कर अब इसे जल्द खाली करवाना होगा। प्रारंभिक खंड शिक्षा अधिकारी किशोरी लाल ने बताया कि दो कमरे महाविद्यालय तेलका को दे दिए जाएंगे। एक कमरे को स्टोर बनाया गया है, उसे खाली करवा दिया जाएगा।