चंबा। भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से पहाड़ी और हिंदी भाषा के संरक्षण तथा प्रोत्साहन के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष पहाड़ी दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में 3 नवंबर को जिला भाषा एवं संस्कृति कार्यालय चंबा की ओर से विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताएं प्रातः 10 बजे से आरंभ होंगी। इस दौरान बचत भवन चंबा में निबंध लेखन, लोकोक्तियां, मुहावरे लेखन और पहेली लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। भाषण प्रतियोगिता जिला भाषा अधिकारी कार्यालय चंबा स्थित रंगमहल के सम्मेलन कक्ष में संपन्न होगी। इन प्रतियोगिताओं में जिले के 14 शिक्षा खंडों के लगभग 25 से 30 विद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में पहाड़ी भाषा एवं स्थानीय संस्कृति के प्रति रुचि, गर्व और जागरूकता की भावना विकसित करना है, ताकि नई पीढ़ी अपनी मातृभाषा और लोक परंपराओं से आत्मीय रूप से जुड़ सके। जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा ने सभी विद्यालयों से आग्रह किया है कि वे विद्यार्थियों को इन प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करें, जिससे पहाड़ी भाषा और संस्कृति के संरक्षण में सार्थक योगदान सुनिश्चित हो सके। संवाद