चंबा। सरकारी स्कूलों के नौनिहाल अब न्यूज रिपोर्टर बनेंगे। राजकीय प्राथमिक पाठशाला मोड़ा के अध्यापक की ओर से यह पहल शुरू की गई है। मोड़ा टाइम्स पत्रिका का नाम रखा गया है। पांचवीं कक्षा के नौनिहाल पत्रिका के मासिक प्रकाशन के लिए अपनी तरह से विषय बार लेखन सामग्री तैयार करेंगे। खास बात यह है कि वर्तमान में जिलेभर में पोषण पखवाड़ा चल रहा है। ऐसे में पत्रिका प्रकाशन में पोषित आहारों की भी सूची प्रकाशित की जाएगी। साथ ही इसकी विधि भी बताई जाएगी। स्कूली नौनिहाल यह जानकारी अपने अभिभावकों के जरिये जुटाएंगे जिसे माह के अंत में प्रकाशित किया जाएगा। स्कूल प्रबंधन की ओर से इस तरह की पहल शुरू करने का मकसद विद्यार्थियों का ज्ञानावर्धन करना है। जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक एवं नवाचारी अध्यापक युद्धवीर टंडन ने यह पहल स्कूल में शुरू की है। इससे पहले भी वे अपने नवाचारों के लिए प्रदेश सहित देशभर में ख्याति प्राप्त कर चुके है। बच्चों में इस तरह दिलचस्पी पैदाकर कर उन्हें व्यावहारिक ज्ञान देने के लिए वे प्रयासरत हैं। शिक्षा विभाग की ओर से भी समय-समय पर उनके नवाचारों की प्रशंसा की जाती है। अध्यापक युद्धवीर टंडन ने बताया कि बच्चों को व्यावहारिक ज्ञान देना और नई नई गतिविधियों के जरिये जागरूक करने के लिए मासिक पत्रिका शुरू की गई। इसमें बच्चे न्यूज रिपोर्टर की तरह कार्य करेंगे और लेखन सामग्री जुटाएंगे। इसे माह के अंत में प्रकाशित किया जाएगा।