तीन फीट बर्फबारी के बीच दी छात्रवृत्ति परीक्षा
स्वर्ण जयंती मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए बनाए थे 27 केंद्र
पांगी में भी दिखा उत्साह
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में स्वर्ण जयंती मिडिल मेरिट स्कॉलरशिप योजना के तहत आयोजित परीक्षा में विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखा। भारी बारिश के चलते जहां जिला मुख्यालयों के साथ लगते परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थी पहुंचे तो वहीं, दूसरी तरफ जनजातीय क्षेत्र पांगी में तीन फीट बर्फबारी भी विद्यार्थियों के कदम नहीं रोक पाई। जनजातीय क्षेत्र के 33 विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में भाग लिया जबकि हिमगिरी स्कूल में 75, किहार में 82, डियूर में 51 और सलूणी में 48 विद्यार्थियों ने यह परीक्षा दी। पहले यह परीक्षा 25 फरवरी को होती थी लेकिन इस बार वार्षिक परीक्षाओं के कारण इसको मार्च के पहले सप्ताह में आयोजित किया गया। गौरतलब है कि सरकार की ओर से इस योजना के तहत दो चरणों में परीक्षा ली जाती है। दो बार परीक्षा होने के बाद टॉप 12 विद्यार्थियों का चयन किया जाता है। छठी, सातवीं और आठवीं कक्षा में क्रमश: चार हजार, पांच हजार और छह हजार रुपये प्रति माह छात्रवृत्ति दी जाती है। कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा ज्ञान चंद का कहना है कि जिले में परीक्षा का आयोजन सफल रहा। खराब मौसम के बावजूद विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखा। कहा कि ब्लॉकवार अब परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों की सूची मांगी गई है।