चंबा। भारत रत्न बाबा साहिब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 132वीं जयंती के उपलक्ष्य में मोहल्ला धड़ोग के आंबेडकर भवन में आंबेडकर मिशन सोसायटी चंबा के तत्वावधान में अंतर विद्यालय भाषण प्रतियोगिता और अंतर विद्यालय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं करवाई गईं। सोसायटी के महासचिव योगेश्वर अहीर ने कहा कि दोनों अंतर विद्यालय प्रतियोगिताओं का आयोजन कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग में किया गया। दोनों प्रतिस्पर्धाओं में जिला चंबा के सरकारी और निजी विद्यालयों में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोलका, उदयपुर, बालिका विद्यालय चंबा, बाल विद्यालय चंबा, मंगला, गागला, कुम्हारका, मैहला, सरोल, होली हिमालयन पब्लिक स्कूल चंबा के नवमी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। भाषण प्रतियोगिता में डॉ. आंबेडकर के जीवन, संविधान और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से सामयिकी, हिमाचल प्रदेश सामान्य ज्ञान, भारत, संसार, खेल, संविधान और संसदीय प्रणाली संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रोफेसर अविनाश ने क्विज मास्टर के रूप में कार्य किया और प्रश्न पूछे। भाषण प्रतियोगिता में वरिष्ठ वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरोल की कशिश प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक शिक्षा गागला की तमन्ना द्वितीय, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोल्का की शालू देवी तृतीय जबकि कनिष्ठ वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरोल के पियूष राज प्रथम और होली हिमालयन पब्लिक स्कूल चंबा की जैन्या गौतम द्वितीय स्थान पर रहे। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में वरिष्ठ वर्ग में राजकीय आदर्श बालिका वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंबा की छात्रा स्नेहा व सलोनी प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोल्का के बिंदिया और कनिका द्वितीय, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मैहला के कोइना और पुष्कर तृतीय स्थान पर रहे। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में अब 14 अप्रैल को निबंध लेखन, पोस्टर बनाओ, नारा लेखन, कोलाज बनाओ आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा।