चंबा। सनवाल से 24 सवारियों को लेकर चंबा की ओर जारही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस कियाणी के पास शुक्रवार सायं सात बजे बीच राह ही हांफ गई। बस में जोरदार आवाज के साथ कुछ टूटने का आभास होते ही चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सड़क किनारे बस को पार्क कर दिया। चालक-परिचालक ने क्रमवार सवारियों को बस से नीचे उतारकर बस को दोबारा स्टार्ट करने का प्रयास किया लेकिन बस स्टार्ट नहीं हो पाई। काफी देर तक बस में आई तकनीकी खराबी दूर न होने पर आखिरकार सवारियां निजी वाहनों और लिफ्ट लेकर अपने गंत्वयों के लिए रवाना हुईं। बस के बीच राह खराब हो जाने पर सवारियां प्रबंधन की लचर व्यवस्था को कोसती दिखीं।
बस में सफर कर रहे रीता देवी, सुमित्रा देवी, प्रकाश चंद, अशोक कुमार, नरेश कुमार, अजय कुमार, राजीव कुमार, सुमन देवी, अनीता देवी और कौशल्या देवी ने बताया कि एचआरटीसी प्रबंधन खटारा बसों को रूटों पर भेज रहा है। इसका खामियाजा सवारियों को ही भुगतना पड़ रहा है। गनीमत रही कि चंबा शहर से कुछ ही दूरी पर बस में तकनीकी खराबी पेश आई जिससे सवारियां जैसे-तैसे कर अपने घरों तक पहुंची हैं। बताया कि प्रबंधन को रूटों पर बसों को भेजने से पहले उनकी तकनीकी जांच करनी चाहिए।
अड्डा प्रभारी शशी ने बताया कि बस में तकनीकी खराबी के कारण ही समस्या उत्पन्न हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर दूसरी बस को भेजा गया लेकि, तब तक सवारियां अन्य बसों में अपने गंतव्यों को रवाना हो चुकी थीं।