अमर उजाला में प्रकाशित खबर।संवाद
चंबा। चुराह विधानसभा क्षेत्र में दवा निरीक्षक ने निजी संस्था के दवा स्टोर से 30 दवाइयों के सैंपल जांच के लिए भरे हैं। इन दवाइयों को गुणवत्ता जांच के लिए कंडाघाट स्थित विभागीय प्रयोगशाला में भेजा जाएगा।
यहां लैब में एक्सपर्ट पूरी बारीकी के साथ दवाइयों की गुणवत्ता को जांचेंगे। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने संस्था के दवा स्टोर को पहले ही सील कर दिया है। यहां 116 प्रकार की दवाइयां मिली थीं। ये बिना ड्रग लाइसेंस वहां रखी गई थीं। विभागीय नियमानुसार ड्रग लाइसेंस के बिना दवाइयां किसी भी स्टोर में नहीं रखी जा सकती हैं। यह संस्था चुराह सहित अन्य क्षेत्रों में लोगों को मुफ्त दवाइयां उपलब्ध करवा रही थी। ऐसे में इन दवाइयों की गुणवत्ता जांचना और भी ज्यादा जरूरी है। कि रोजाना लोगों को ये दवाई संस्था की तरफ से दी जा रही थी। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग दवाइयों की गुणवत्ता की जांच करवाने के लिए सजग हो गया है। इसके चलते संस्था के स्टोर से विभिन्न प्रकार की 30 दवाइयों के सैंपल भरे गए हैं। इन्हें विभाग ने जांच के लिए कंडाघाट भेज दिया है। इनकी जांच रिपोर्ट कुछ दिन में आ सकती है। इसके बाद विभाग आगामी कार्रवाई करेगा। जिस संस्था के स्टोर को सील करने के साथ विभाग ने दवाइयों के सैंपल भरे हैं, वह संस्था पिछले कुछ सालों से चंबा के लोगों को घर-द्वार स्वास्थ्य जांच के साथ निशुल्क दवाइयां दे रही है। ऐसे में यदि दवाइयों का सैंपल फेल होता है तो संस्था के कार्य पर भी सवालिया निशान उठ सकते हैं।
उधर, असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर मनीष कपूर ने बताया कि जिस संस्था के दवा स्टोर को सील किया गया था, वहां रखीं दवाइयों की गुणवत्ता जांचने के लिए 30 दवाइयों के सैंपल भरे गए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।