बनीखेत(चंबा)। वन एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने शुक्रवार को बनीखेत के बैकुंठनगर में वीर सैनिक भवन की आधारशिला रखी। इस भवन के निर्माण पर करीब अस्सी लाख रुपये की राशि खर्च होगी। क्षेत्र में वीर सैनिक भवन निर्माण की मांग लंबे से पूर्व सैनिक कर रहे थे। बहरहाल, अब सरकार ने उनकी इस मांग को प्रमुखता के साथ पूरा करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। इससे पहले वन एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया का भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। मंत्री राकेश पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश वीरों भी भूमि है। हर घर से युवा देश सेवा में जाने के लिए इच्छुक हैं। देश की सुरक्षा में कई वीरों ने शहादत भी दी है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पूर्व सैनिकों को आश्वासन दिया है कि भवन निर्माण में किसी प्रकार की देरी नहीं की जाएगी। गौरतलब है कि मंत्री से पिछले दौरे के दौरान भूतपूर्व सैनिक केसर सिंह ने वीर सैनिक भवन निर्माण की मांग उठाई थी। वीर सैनिक भवन के निर्माण के लिए जमीन की औपचारिकताओं को पूरा करवाने में पूर्व सैनिक केसर सिंह की भूमिका काफी अहम रही है। कार्यक्रम के दौरान जिला मार्केट कमेटी के अध्यक्ष डीएस ठाकुर, कैप्टन जीएस ढीलन, पुखरी पंचायत प्रधान नर्मदा थापा, उपप्रधान विशाल टंडन, पंचायत प्रधान सलीमा देवी, अरुण राणा, डलहौजी भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय ठाकुर, ध्रुपद व भूतपूर्व सैनिकों में अनिल सिंह, कृष्ण सिंह, हंस राज, चमन सिंह, देवी सिंह, शमशेर सिंह, जैसी राम, बीएस गुरंग, वीरेंद्र गुरंग मौजूद रहे।