कुश्ती की ओवरआल ट्रॉफी पर साहला स्कूल का कब्जा
संवाद न्यूज एजेंसी
चुवाड़ी (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल थुलेल में भटियात जोन की अंडर-14 (गर्ल्स) तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को विधिवत तरीके से समापन हो गया। कुश्ती मुकाबले की ओवरआल ट्राफी पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साहला ने कब्जा जमाया। साहला की छात्राओं ने पांच गोल्ड अपने नाम कर कुश्ती में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता के मार्चपास्ट की ट्राफी राजकीय वनेटा स्कूल ने अपने नाम की। प्रतियोगिता के समापन पर तहसीलदार सिहुंता सुरेंद्र सिंह ने बतौर मुख्यातिथि उपस्थिति दर्ज करवाई। उन्होंने विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों और टीमों को ट्राफी देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के खो-खो के मुकाबले में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रायपुर विजेता और ककीरा उपविजेता रहा। वालीबॉल में राजकीय उच्च विद्यालय सरोग विजेता जबकि थुलेल उपविजेता रहा। कबड्डी में वनेटा विजेता और गरनोटा स्कूल उपविजेता रहा। जोनल इंचार्ज बृजलाल शर्मा ने बताया कि खेलकूद प्रतियोगिता में बच्चियों में काफी जोश और उत्साह देखने को मिला।