चंबा के पांगी साच पास को बहाल करने में जुटी मशीनरी।संवाद
नकरोड़ चंबा। चंबा-किलाड़ वाया साच पास मार्ग पर 25 किलोमीटर सड़क को बहाल करना शेष बचा है। उसके बाद वाया साच पास वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।
लोक सभा चुनाव होने से पहले लोक निर्माण विभाग वाया साच पास मार्ग को यातायात के लिए बहाल करने का प्रयास कर रहा है। हालांकि, इस मार्ग को बहाल करने का लक्ष्य विभाग ने 15 जून निर्धारित कर रखा है, लेकिन चुनावों के मद्देनजर विभाग जल्द से जल्द वाया साच पास मार्ग को बहाल करने का प्रयास कर रहा है, जिससे चंबा से पांगी के लिए लोग वाया साच पास आवाजाही कर पाएं। मौजूदा समय में पांगी घाटी के लोग वाया जम्मू-कश्मीर होकर पांगी के लिए आवाजाही कर रहे हैं। इस रास्ते 24 घंटे तक उन्हें टैक्सी में सफर करना पड़ता है। वाया साच पास आठ से दस घंटों में पांगी पहुंचा जा सकता है। लोक निर्माण विभाग की मशीनरी साच पास में बने बर्फ के पहाड़ों को काटकर आगे बढ़ रही है। इसका वीडियो बनाकर विभागीय कर्मचारी सोशल मीडिया पर भी डाल रहे हैं। साच पास से बर्फ हटाने वाली मशीनरी का वीडियो सोशल मीडिया में काफी वायरल भी हो रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि साच पास मार्ग को शीघ्र यातायात के लिए बहाल करवाया जाएगा।