सलूणी (चंबा)। राजकीय प्राथमिक पाठशाला कुठेड़ धुत्ता, साही और जाटोता को भवनों की मरम्मत के लिए 9.50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई है। यह धनराशि स्कूल प्रबंधन समिति के खाते में स्थानांतरित कर दी है। अब उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा चंबा के निर्देशानुसार यह मरम्मत कार्य खंड विकास अधिकारी एवं कनिष्ठ अभियंता की देखरेख में संपन्न होगा। खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी सलूणी द्वारा स्कूल प्रभारी को यह आदेश दिया है कि स्वीकृत राशि को अब बीडीओ के खाते में स्थानांतरित किया जाए। स्थानांतरण की सूचना खंड शिक्षा अधिकारी एवं बीडीओ कार्यालय को शीघ्र प्रेषित करनी होगी, ताकि मरम्मत कार्य बिना देरी शुरू हो सके।