सुभाष कुमार अग्निहोत्री
चंबा। पवित्र मणिमहेश यात्रा में खूब लूट चल रही है। यात्रा पर आने वाले दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट रखने के नाम पर 50 रुपये वसूले जा रहे हैं। इतना ही नहीं, हेलमेट रखने की एवज पर कागज के टुकड़े पर 50 रुपये की रसीद भी काटी जा रही है।
यात्रा से लौटकर आने वाले श्रद्धालुओं को उनके हेलमेट मिलें या न मिलें, इसकी भी कोई पक्की गारंटी नहीं दी जा रही है। हैरत की बात है कि भरमौर प्रशासन भी यात्रा में हेलमेट रखने के नाम पर लूट मचाने वालों पर नकेल नहीं कस पा रहा है।
प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा के दौरान हर वर्ष पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, मुंबई और गुजरात समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से शिव भक्त पवित्र डल में डुबकी लगाने के लिए पहुंचते हैं। हर वर्ष मणिमहेश न्यास और भरमौर प्रशासन यात्रा को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करते हैं, लेकिन पहली बार मणिमहेश यात्रा के दौरान लूट मचती नजर आ रही है।
भरमौर प्रशासन ने तय किया है हर वस्तु का दाम
भरमौर प्रशासन ने हर वस्तु का दाम निर्धारित किया है। बावजूद इसके भरमौर प्रशासन और पुलिस विभाग के नाक तले श्रद्धालुओं को चपत लगाई जा रही है। मणिमहेश यात्रा के दौरान हड़सर नामक स्थान पर अस्थायी दुकानों में हेलमेट रखने के बाकायदा बोर्ड लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं में राकेश कुमार, अमित कुमार, संजीव कुमार, अक्षय, भोलाराम, बचन सिंह ने बताया कि एक तरफ पुलिस विभाग यातायात नियमों का पालन करने संबंधी वाहन चालकों को जागरूक करता रहता है, दूसरी ओर यात्रा पर आने वाले दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट रखने के नाम पर लूट की जा रही है।
उपमंडलाधिकारी कुलवीर सिंह ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। सेक्टर अधिकारी को मौके पर भेजकर मामले की जांच कर ऐसा करने वालों पर नकेल कसी जाएगी।