मैहला (चंबा)। मैहला में खस्ताहाल सड़क से परेशान ग्रामीणों ने बीडीओ मैहला के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ज्ञापन भेज जल्द समस्या के समाधान की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि लगभग एक वर्ष पहले सीवरेज का कार्य शुरू किया गया था, लेकिन कार्य अधर में लटकने के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे पड़ चुके हैं, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का आना-जाना मुश्किल हो गया है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। ग्रामीण दिनेश, रमेश, अशोक, राजेश, कर्म चंद, राधा देवी, रविदास, देस राज और राकेश कुमार ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि तुरंत बजट का प्रावधान कर अधूरा सीवरेज कार्य पूरा करवाया जाए और सड़क को जल्द बहाल किया जाए।