चंबा में भटियात के भुलकीनाला -पंजेहीनाल सड़क भूमि पूजन के बाद विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठान
डलहौजी (चंबा)। भटियात विधानसभा क्षेत्र की बलेरा पंचायत के तहत भुलकीनाला से पंजेही नाला तक सड़क बनेगी। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सड़क निर्माण की आधारशिला रखी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस सड़क के निर्माण कार्य पर 85 लाख 62 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। दो किलोमीटर लंबी इस सड़क से गांव थत्ती और पंजेही नाल की करीब पांच सौ की आबादी लाभान्वित होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश के चंहुमुखी विकास के लिए वचनबद्ध है।
उन्होंने कहा कि चुवाड़ी से चंबा के बीच लगभग 7 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण करना सरकार की प्राथमिकता है। इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने के लिए सरकार ने चार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसके लिए शीघ्र टेंडर प्रक्रिया करवाई जाएगी। कहा कि सरकार इस सुरंग का निर्माण बीओटी आधार पर करवाने का प्रयास कर रही है। इसके लिए कई वित्तीय संस्थाओं के साथ बातचीत चल रही है। पठानिया ने बताया कि सीआरआईएफ के तहत 52.82 करोड़ रुपये की लागत से सिहुंता से लाहड़ू तक सड़क को स्तरोन्नत किया जा रहा है। इससे पूर्व ग्राम पंचायत बलेरा के प्रधान मनजीत कुमार, पंचायत जिंयुता की प्रधान सपना और पूर्व जिला परिषद सदस्य सुभाष साहिल ने भी विचार रखे। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने विधानसभा अध्यक्ष को सम्मानित भी किया।