जिला रोजगार कार्यालय में लगाया काउंसलिंग सत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिला रोजगार कार्यालय चंबा में कार्यरत युवा विशेषज्ञ तनु कुमारी ने युवाओं से आह्वान किया है कि कॅरिअर निर्माण में सही मार्गदर्शन के साथ मेहनत बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि वार्षिक परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत से पढ़ाई करनी चाहिए। सोमवार को जिला रोजगार कार्यालय चंबा में सामूहिक काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न संस्थानों के प्रशिक्षु और बेरोजगार युवा मौजूद रहे। युवा विशेषज्ञ ने विद्यार्थियों को कॅरिअर निर्माण के बारे में जानकारी दी। साथ ही श्रम एवं रोजगार विभाग की ओर से चलाई जा रहीं विभिन्न योजनाओं के बारे में भी अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि जिला रोजगार कार्यालय चंबा की ओर से कॅरिअर गाइडेंस बुक तैयार की गई है। इसमें 23 विभिन्न क्षेत्रों में भविष्य निर्माण के लिए जानकारी योग्यता सहित दर्शाई गई है। विद्यार्थी इसकी सहायता से अपना कॅरिअर निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्सनेलिटी डेवलपमेंट और स्किल डेवलपमेंट के साथ बायोडाटा तैयार करने भी जानकारी भी दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने उनसे सवाल भी किए, जिनका युवा विशेषज्ञ ने जवाब दिया। इस मौके पर पूजा कुमारी, रेखा कुमारी, पिंकी देवी, सीमा कुमारी, अजय कुमार, सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।