बंदरों के आतंक से परेशान मैहला पंचायत के बाशिंदे
चंबा। ग्राम पंचायत मैहला के बाशिंदे बंदरों के आतंक से काफी परेशान हैं। बंदर खेतों में फसल को चट कर रहे हैं। इस वजह से किसानों को खेतों में अपनी मेहनत का लाभ नहीं मिल रहा है। कुछ माह पहले किसानों ने अपने खेतों में मक्की की फसल की बिजाई की थी। खेतों में मक्की की फसल की पैदावार भी अच्छी थी, लेकिन बंदरों के झुंड खेतों में जाकर मक्की को तबाह कर रहे थे। मौजूदा समय में किसानों ने खेतों में गेहूं की फसल की बिजाई की है। अब बंदर गेहूं की कोंपले निकाल कर उसके बीज खा रहे हैं। इसको लेकर किसान काफी चिंतित हैं। उन्हें यही चिंता सता रही है कि शायद उनकी गेहूं की फसल की पैदावार भी खराब न हो जाए। ग्रामीणों में हंसराज, कमलेश, अजय कुमार, सुरेश, जीवन, मनोज कुमार और रविंद्र कुमार ने प्रशासन व वन विभाग से मांग की है कि बंदरों को रिहायशी बस्ती से दूर भगाने की व्यवस्था की जाए। संवाद