चंबा आईटीआई परिसर में बैठ पढ़ाई करते प्रशिक्षु।संवाद
चंबा। आईटीआई चंबा के प्रशिक्षु पढ़ाई के दौरान अजीब ही परेशानी से गुजर रहे हैं। ठंड से राहत के लिए परिसर में पढ़ाई करने बैठते हैं तो उन्हें किताबों की ओर कम और आसमान की ओर ज्यादा ध्यान देना पड़ रहा है।
दरअसल, यहां स्थिति है कि कटे हुए मुर्गे के अवशेष पोल्ट्री फॉर्म मालिक साल खड्ड में फेंक रहे हैं। यहां पक्षियों की आवाजाही रहती है। पक्षी इन्हें उठाकर उड़ रहे हैं। ऐसे में पक्षियों के पंख या अन्य अवशेष पढ़ाई कर रहे प्रशिक्षुओं पर गिर रहे हैं। ऐसा कई बार हो चुका है। बावजूद इसके पोल्ट्री फॉर्म मालिक यह अवशेष साल खड्ड में जगह में फेंक रहे हैं। जानकारी के अनुसार आईटीआई में सैकड़ों प्रशिक्षु विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण ले रहे हैं। धूप में पढ़ाई करना इन प्रशिक्षुओं को भारी पड़ रहा है।
धूप में बैठकर पढ़ाई करते समय आसमान से पंख गिर रहे हैं। साल खड्ड में मुर्गों के अवशेष फेंके जा रहे हैं। इस बारे में प्रशासन को उचित कार्रवाई करनी चाहिए।
- रोहित कुमार
साल खड्ड में जगह जगह गंदगी फेंकी जा रही है। इस मामले को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी निरीक्षण करें और पोल्ट्रीफार्म संचालकों को नोटिस जारी करें।
- विशाल कुमार
यह समस्या पिछले काफी समय से चली आ रही है। बावजूद इसके लिए संचालकों ने अभी तक साल खड्ड में गंदगी फैंकना बंद नहीं किया है।
- अंश कुमार
आईटीआई परिसर में पंख पड़े हैं। ऐसे में हर समय गंदगी गिरने का खतरा बना रहता है। जिला प्रशासन से मांग है कि इस मामले में कार्रवाई की जाए।
- सनी कुमार
आईटीआई के प्रधानाचार्य विपिन शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षु इस तरह की समस्या से गुजर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस मामले में जल्द उचित कदम उठाए जाएं।