पवित्र मणिमहेश का विहंगम दृश्य। स्त्रोंत-जागरूक पाठक।
भरमौर (चंबा)। आधिकारिक तौर पर पवित्र मणिमहेश यात्रा का समापन होने के बाद भी वीरवार को सैकड़ों यात्री मणिमहेश के लिए रवाना होते नजर आए। हालांकि, प्रशासन की तरफ से यात्रियों को जो सुविधाएं दी जा रही हैं, वह वीरवार तक ही रहेंगी।
अभी भी श्रद्धालु मणिमहेश यात्रा पर जा रहे हैं। इस बार पवित्र मणिमहेश यात्रा के दौरान रिकॉर्ड करीब साढ़े छह लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र डल झील में डुबकी लगाई है। दीपावली तक यह आंकड़ा और बढ़ने के कयास लगाए जा रहे हैं।
उधर, वीरवार दोपहर बाद यात्रा के दौरान विभिन्न सेक्टरों में तैनात स्टाफ धीरे-धीरे भरमौर मुख्यालय के लिए वापसी करता नजर आया। अब महज पर्वतारोहण, जलशक्ति, लोक निर्माण विभाग और सफाई कर्मी ही एक सप्ताह तक साफ-सफाई, सामान को सुरक्षित स्थानों पर रखने के बाद भरमौर का रुख कर पाएंगे। उधर, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कुलवीर सिंह राणा ने बताया कि 12 सितंबर तक पुलिस, स्वास्थ्य समेत अन्य सेक्टरों पर तैनात अधिकारी-कर्मचारी भरमौर का रुख कर लेंगे। इसके बाद श्रद्धालु अपने जोखिम पर ही यात्रा पर जा सकते हैं।