चंबा। बरसात के मौसम को देखते हुए लोक निर्माण विभाग मंडल चंबा और एनएचएआई ने फील्ड स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। छुट्टी लेने से पहले अधिशासी अभियंता से अनुमति लेनी होगी।
आपातकाल स्थिति में ही कर्मचारी को छुट्टी दी जाएगी। जब तक बरसात का मौसम खत्म नहीं हो जाता, तब तक यह निर्देश लागू रहेंगे। ऐसे में उन कर्मचारियों को अब छुट्टी नहीं मिलेगी, जो घरेलू या अन्य कार्य के लिए छुट्टी लेने की योजना बना रहे थे। बरसात के मौसम में सड़कों को ज्यादा नुकसान होने की संभावना रहती है। सड़कें बहाल करने के लिए कर्मचारियों की आवश्यकता रहती है। विभाग ने अपनी मशीनरी भी तैयार कर ली है। जो मशीनें खराब पड़ी थीं, उन्हें भी ठीक करवाकर राहत कार्य में इस्तेमाल करने के लिए तैयार कर लिया है। फील्ड स्टाफ को बरसात के दौरान सड़कों की बहाली के लिए तत्पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीओ, जेई को भी अपने-अपने परिक्षेत्रों में बरसात से निपटने के लिए हर समय तैयार रहने को कहा है। कहा है कि मशीनरी को ऐसी जगह रखें, जहां आसानी से मशीनें राहत कार्य में पहुंच सकें।
विभाग ने निजी मशीनों को भी जरूरत पड़ने पर सड़कों की बहाली में लगाने की योजना बनाई है। चंबा-भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग बरसात के दौरान बार-बार बंद होता रहता है। इसके लिए एनएच प्राधिकरण ने सभी एसडीओ को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। जहां भूस्खलन की संभावना अधिक है, उसके क्षेत्र के आसपास मशीनरी की व्यवस्था करने को कहा है। लोक निर्माण विभाग मंडल चंबा के दायरे में आने वाली सभी सड़कों में भी इस प्रकार की व्यवस्था करने के फील्ड स्टाफ को निर्देश दिए हैं।
लोक निर्माण मंडल चंबा के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार ने बताया कि चंबा मंडल सहित एनएच के सभी फील्ड स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। आपातकाल स्थिति में ही स्टाफ को छुट्टी दी जाएगी। इसके लिए भी उनसे अनुमति लेनी होगी। बरसात से निपटने के लिए विभाग के कर्मचारी और मशीनरी तैयार हैं।