भरमौर (चंबा)। लोक निर्माण विभाग मंडल भरमौर प्रतिनियुक्ति के स्टाफ के सहारे चल रहा है। भरमौर मंडल में न तो अधिशासी अभियंता और न ही सहायक अभियंता। मंडल में कनिष्ठ अभियंता के भी नौ पद खाली हैं। इसके अलावा वर्कर मैनेजर के चार, चालक के पांच और ड्राफ्टमैन सहित अन्य कई पद खाली पड़े हैं। इसकी वजह से उपमंडल में विकास कार्य कछुआ गति से चल रहे हैं।
चंबा मंडल के अधिशासी अभियंता भरमौर मंडल का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे हैं। इससे कई बार उन्हें चंबा में कामकाज छोड़कर भरमौर पहुंचना पड़ रहा है। भरमौर की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए यहां स्थायी अधिशासी अभियंता की तैनाती जरूरी है। क्योंकि भरमौर में सर्दियां शुरू होने से पहले सभी विकास कार्य पूर्ण करवाने पडते हैं। सर्दियों में अधिक मात्रा में बर्फबारी होने से यहां विकास कार्य ठप रहते हैं।
सहायक अभियंता पर भी अतिरिक्त कार्यभार है। भरमौर के साथ गरोला भी उन्हें ही देखना पड़ रहा है। हैड ड्राफ्टमैन का पद विभाग का सबसे महत्वपूर्ण पद माना जाता है, लेकिन यहां है ही नहीं। पूर्व में तैनात अधिकारी की सेवानिवृत्ति के बाद यहां नई तैनाती नही हो सकी है। वहीं, अधीक्षक ग्रेड-दो का भी एक पद खाली पड़ा है।
लोगों में हंसराज, टेक चंद, सुरेंद्र, मान सिंह, रवि कुमार, केवल, अशोक और सुधीर सिंह ने बताया कि भरमौर शायद सत्ता में विपक्ष का विधायक होने का दंश झेल रहा है। क्योंकि सरकार इसलिए भरमौर की तरफ ज्यादा ध्यान नहीं दे रही है। क्योंकि भरमौर में सरकार का विधायक नहीं जीता है।
पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता दिवाकर पठानिया ने बताया कि सरकार को रिक्त पदों के बारे में अवगत करवा दिया है। जल्द ही सरकार यहां अधिकारियों की तैनाती कर सकती है।