चंबा। शहर के समीप पुलिस ने तड़ोली में एक निजी होटल में ठहरे पंजाब के युवक से चिट्टा और नकदी बरामद की है। पुलिस ने अनमोल दीप निवासी सलोदीन, अमृतसर, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस को सूचना मिली थी कि तड़ोली में स्थित एक निजी होटल में चिट्टा बेचा जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुबह 5:00 बजे होटल में दबिश दी। तलाशी के बाद युवक के कब्जे से 3.31 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इसके अलावा और नशे की बिक्री से अर्जित 7600 नकद रुपए बरामद किए हैं। एसपी चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत सदर थाना चंबा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।