चंबा जिला मार्किट कमेटी अध्यक्ष ललित ठाकुर को ज्ञापन सोंपता पांगी का प्रतिनिधि।संवाद
चंबा। पांगी को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाले सचे जोत मार्ग पर बगोटू नाले में पुल का निर्माण होना काफी जरूरी है। इस मांग को लेकर पांगी के पूर्व प्रधान बसंत सिंह की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल जिला मार्केट कमेटी के अध्यक्ष ललित ठाकुर से मिला। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले क्षेत्र में बादल फटने से 50 लोग फंस गए थे। लोगों को नाले के तेज बहाव के बीच होकर गुजरना पड़ा। क्योंकि, वहां पर अभी तक पुल का निर्माण नहीं किया गया है। इसके अलावा उन्होंने ठांगी के सबसे बड़े जंगल बिंदली को जाने वाले मार्ग पर भी पुल का निर्माण करने की मांग उठाई। घाटी के अधिकतर लोग वहां ठांगी निकालने के लिए जाते हैं, लेकिन रास्ता काफी संकरा है। वहां नाले पर पुल का होना काफी जरूरी है। जिला मार्केट कमेटी अध्यक्ष ललित ठाकुर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वह उनकी दोनों मांगो को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएंगे। दोनों स्थानों पर पुल का निर्माण करवाने की पूरी कोशिश की जाएगी। जनजातीय क्षेत्र के लिए उन्होंने जो भी मांग मुख्यमंत्री से की है उन्होंने निसंकोच उसे पूरा किया है।