-
वादा तेरा वादा ... आश्वासन पर वोट तो लिया, स्वास्थ्य केंद्र अभी नहीं दिया
भटियात की कामला पंचायत के लोग 15 सालों से उठा रहे स्वास्थ्य केंद्र की मांग
ग्रामीण बोले- उपचार के लिए जाना पड़ता है आठ किलोमीटर तक दूर
संवाद न्यूज एजेंसी
सिहुंता (चंबा)। भले ही नेता चुनावों के दौरान ग्रामीणों की मांग को प्रमुखता से पूरा करने का आश्वासन देते हैं, मगर चुनावों के बाद अपने वायदों को पूरा नहीं कर रहे हैं। भटियात विधानसभा क्षेत्र की पंचायत कामला में भी ऐसा ही देखने को मिला है। ग्रामीण 15 सालों से स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग कर रहे हैं, मगर आज तक यह मांग पूरी नहीं हो पाई है। ग्रामीणों का आरोप है कि चुनावों के दौरान नेता आश्वास दे जाते हैं, जीतने के बाद वायदे भूल जाते हैं। इस बात को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है। जानकारी के अनुसार पंचायत की आबादी करीब 2500 है। ग्रामीणों को उपचार के लिए आठ किलोमीटर दूर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समोट या फिर पांच किलोमीटर दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाना पड़ रहा है। इस वजह से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पंचायत में स्वास्थ्य केंद्र की दरकार है, मगर सरकार की ओर से इस मांग को पूरा नहीं किया जा रहा है। इससे ग्रामीण खासे परेशान हैं।
- दौलत राम
चुनावों के दौरान यह मुद्दा बनाकर नेता वोट मांगते हैं, मगर चुनावों के बाद इस ओर ध्यान नहीं देते हैं। ऐसे में लोग खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।
- बिक्रम सिंह
पिछले 15 सालों से स्वास्थ्य केंद्र खुलने का इंतजार कर रहे हैं। मरीजों को उपचार के लिए काफी दूरी तय करनी पड़ रही है।
- माधो राम
पंचायत की आबादी भी काफी अधिक है। अगर यहां स्वास्थ्य केंद्र खुलता है तो अन्य गांवों को भी काफी लाभ मिलेगा।
- अशोक कुमार
पूर्व विधायक बिक्रम सिंह जरयाल ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है। सरकार अपनी घोषणाओं को पूरा नहीं कर रही है। भाजपा की सरकार बनते ही इस मांग को प्रमुखता के साथ पूरा किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया का कहना है कि यह मामला उनके ध्यान में है। कहा कि जल्द ही इस बारे उचित संभावनाएं तलाशी जाएगी, जिससे ग्रामीणों को कोई परेशानी न हो।