चंबा। महत्वाकांक्षी जिले के अंतर्गत चल रही स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं और गतिविधियों की प्रगति को बढ़ाया जाए। इसको लेकर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश जारी किए। मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में खंड चिकित्सा अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता करते हुए जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने महत्वाकांक्षी जिले के अंतर्गत चल रही स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा की। जहां पर कुछ खामियां और प्रगति में धीमी गति नजर आई, उसे दुरुस्त करने के लिए उन्होंने खंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश जारी किए। उन्होंने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर डॉ. हरित पुरी, डॉ. वैभवी, खंड चिकित्सा अधिकारी चूड़ी डॉ. एचपी सिंह, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुराधा महाजन, डाॅ. सुमित, डॉ. शिव राज, डॉ. विवेक सहित अन्य मौजूद रहे।