चंबा लक्ष्मण क्लब में बैठक के दौरान मौजूद प्रोग्रेसिव कोंसिल के पदाधिकारी।संवाद
पुराना बस अड्डा परिसर में बहुमंजिला पार्किग कांप्लेक्स को लेकर सदर के विधायक का जताया आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। प्रोग्रेसिव काउंसिल चंबा की मासिक बैठक लक्ष्मण क्लब में हुई। इसकी अध्यक्षता अध्यक्ष चंद्र सहगल ने की।
बैठक में मेजर एससी नैय्यर, वीएम महाजन, खुशहाल बख्शी, हमिंद्र सेन, ई. बुधिया राम, कृष्ण चंद, राजेंद्र चोपड़ा, डाॅ. डीके सोनी और प्रवीण पुरी सहित अन्य मौजूद रहे। बैठक के दौरान सदस्यों ने पुराना बस अड्डा परिसर में बहुमंजिला पार्किग कांप्लेक्स के निर्माण कार्य को लेकर सदर विधायक नीरज नैय्यर का आभार जताया। सदस्यों ने पार्किंग कांप्लेक्स के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए विभाग को दिशा-निर्देश जारी करने की मांग उठाई। उन्होंने मिनी सचिवालय भवन के पिछले कई माह से बंद निर्माण कार्य को दोबारा शुरू करने की भी मांग उठाई। सदस्यों ने एचआरटीसी की दिन-प्रतिदिन दयनीय स्थिति और सरकार और निगम की कार्यशैली पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कलपुर्जाें के अभाव से बसों का मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि आए दिन बसों के बीच राह में हांफने से मुसाफिरों को दिक्कतें पेश आ रही है। आरोप लगाया कि चंबा डिपो के कुछ लंबे रूटों को दूसरे डिपुओं को स्थानांतरित करने को बड़ी साजिश बताया। उन्होंने साथ ही खज्जियार मार्ग के संवेदनशील हिस्से में क्रैश बैरियर स्थापित कर सफर को सुगम व सुरक्षित बनाने की मांग की। बैठक के दौरान हरदासपुरा मोहल्ले के वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने काउंसिल की सदस्यता ग्रहण की।