चंबा। रजेरा-धुलाड़ा मार्ग पर नरालपट्ट के समीप लगातार भूस्खलन के कारण ग्राम पंचायत गागला व व कुठेड़ के डिपो में सरकारी राशन नहीं पहुंच पाया है। इसके चलते ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ी से लगातार भूस्खलन के कारण मार्ग बंद होने से मजबूर ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त चंबा विवेक भाटिया से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की है कि राशन को गागला व धुलाड़ा तक खच्चरों के माध्यम से राशन पहुंचाया जाए। साथ ही इस मामले को लेकर प्रशासन आर्थिक रूप से मदद करे ताकि ग्रामीणों को सरकारी राशन मिल सके। प्रतिनिधिमंडल में शामिल राज कुमार, लालू राम, देवी चंद, नरेश कुमार का कहना है कि 14 जनवरी से उक्त मार्ग पर लगातार पहाड़ी से भूस्खलन हो रहा है। उन्होंने बताया कि फरवरी माह का राशन जारी हो चुका है लेकिन मार्ग बंद होने के कारण अब खच्चरों के माध्यम से भी राशन की ढुलाई संभव है। लेकिन खच्चर शुल्क अधिक होने से काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं। विभाग द्वारा आठ रुपये प्रति किलोमीटर वाहन से राशन पहुंचाने की व्यवस्था है लेकिन खच्चर मालिक राशन पहुंचाने के लिए एक सौ रुपये प्रति क्विंटल की बात कह रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द राशन की ढुलाई के लिए व्यवस्था की जाए।