चंबा। एचआरटीसी की भर्ती में निजी बस चालकों और परिचालकों को प्राथमिकता दी जाए। यह मुद्दा हिमाचल प्रदेश निजी बस चालक-परिचालक यूनियन इकाई चंबा की बैठक में उठाया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए यूनियन के प्रदेश महासचिव सोनी कुमार ने कहा कि हमें प्रदेश सरकार से बहुत अपेक्षाएं हैं। उन्होंने मांग की है कि एचआरटीसी की भर्तियों में निजी बस चालक-परिचालकों को प्राथमिकता दी जाए। गाड़ियों में लॉग बुक अनिवार्य की जाए। इसके अलावा पहचान पत्र जारी करने के साथ ही निजी बसों के चालक-परिचालकों की तनख्वाह को तय किया जाए। बैठक में चंबा के प्रधान मनोज कुमार, उपप्रधान हरनाम सिंह, सचिव हेमराज मल्होत्रा, विनीत कुमार, मंगत राम, तारक मुस्ताक मोना, वीरेंद्र सहित अन्य मौजूद रहे।