पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी में एक सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य का निधन हो गया है। पुलिस के अनुसार स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौटते समय हार्टअटैक आने के कारण उनकी मौत हुई है।
मृतक की पहचान खेत सिंह चौहान निवासी कुठल पंचायत साच तहसील पांगी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला साच में सेवारत थे। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
रोजमर्रा की तरह बीते शुक्रवार को खेत सिंह स्कूल से छुट्टी के बाद घर जा रहे थे। स्कूल से कुछ ही दूर हेलीपैड के पास अचानक छाती में दर्द उठा। देखते ही देखते जमीन पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने उन्हें सिविल अस्पताल किलाड़ पहुंचाया। यहां तैनात चिकित्सक ने उन्हें मृत करार दिया। प्रधानाचार्य का घर स्कूल से करीब 7 किलोमीटर दूर कुठल गांव में है। काफी समय से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला साच में कार्यरत थे। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पांगी में एक प्रधानाचार्य की हृदयगति रुकने से मौत हुई है।