चंबा। मिंजर मेले में विदेशी कंपनी और कृषि विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी किसानों को खूब आकर्षित कर रही है।
मेले में पावर वीडर, ट्रैक्टर, टूल किट और स्प्रे पंप की प्रदर्शनी लगाई गई है। किसानों के लिए पावर वीडर किफायती दरों में उपलब्ध हैं। खास बात यह है कि किसानों को इन औजारों की खरीद पर बिल कृषि कार्यालय में जमा करवाने पर विभाग 50 फीसदी अनुदान दिया जा रहा है। बता दें कि पावर वीडर से बागवान पहाड़ी इलाकों में खेती की जुताई आसानी से कर सकते हैं।
मेले में ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचने वाले लोग खेतीबाड़ी से जुड़े बीजों, औजारों, खादों के संबंध में अधिक से अधिक जानकारी हासिल कर रहे हैं। किसानों योगराज, प्रकाश चंद, अंबिया राम, प्रमोद कुमार, नरेश कुमार, कपिल कुमार आदि ने बताया कि मिंजर मेले में पावर वीडर एमसी 720, 730, 742, 750 सहित ग्रेशिया रोटरी वीडर 80, 105,100 और ग्रेशिया 140 रोटरी वीडर प्रदर्शित किए गए हैं। इनकी विशेषता यह है कि इनके साथ ग्रास कटर, स्प्रे पंप, ब्लेड रनर, कल्टीवेटर, ट्राली, ग्राउंड ब्लास्टर और सीट की सुविधा भी मिल रही है।
कृषि विभाग के उपनिदेशक कुलदीप धीमान ने बताया कि प्रदर्शनी के दौरान पावर वीडर, मक्की बीजने के ट्रैक्टर, टूल किट, स्प्रे पंप आदि उपकरणों पर किसानों को अनुदान उपलब्ध करवाया जा रहा है।