चुराह (चंबा)। चुराह उपमंडल के तहत आते राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चांजू में 23 दिन के बाद भी बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई है। हैरानी की बात है कि विद्युत बोर्ड इतने दिन बीतने के बावजूद क्षेत्र में खराब ट्रांसफार्मर के स्थान पर नया ट्रांसफार्मर नहीं लगा पाया है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से अध्यापकों को स्कूल के ऑनलाइन कार्यों को निपटाना मुश्किल हो गया है। इतना ही नहीं, विद्यार्थियों की 23 दिन से कंप्यूटर की ऑनलाइन कक्षाएं नहीं लग पाई हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है।
अभिभावकों मीना देवी, शीला देवी, मनोज कुमार, राज कुमार, देव सिंह, सरोज देवी आदि का कहना है कि दुर्गम क्षेत्र के दूरदराज गांवों से बच्चे चांजू स्कूल में शिक्षा ग्रहण करने के लिए पहुंच रहे हैं लेकिन स्कूल में आधी-अधूरी पढ़ाई से बच्चों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। कहा कि 15 अप्रैल से भारी बारिश के चलते बिजली आपूर्ति बाधित पड़ी है। इसकी सूचना बोर्ड के कर्मचारियों को दी गई। वे ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी को दुरुस्त करने में जुटे रहे लेकिन विद्युत बोर्ड ने ट्रांसफार्मर जलने का तर्क दिया। एक महीना बीतने को है लेकिन बोर्ड एक ट्रांसफार्मर लगाने में कामयाब नहीं हो पाया है। रोजाना उन्हें यही आश्वासन दिया जाता है कि जल्द नया ट्रांसफार्मर लगा दिया जाएगा। इससे स्कूल प्रबंधन खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। अभिभावकों ने विद्युत बोर्ड प्रबंधन से क्षेत्र में जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली सप्लाई सुचारु करवाने की मांग की है।
विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता दीवान चंद गुप्ता का कहना है कि जैसे ही नया ट्रांसफार्मर आएगा, उसे लगवाकर समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।