होली (चंबा)। होली क्षेत्र में बिजली की अनियमित आपूर्ति से लोग परेशान हैं। एक सप्ताह से जारी बिजली की आंखमिचौनी के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होली, तहसील कार्यालय और पुलिस चौकी सहित आसपास के क्षेत्रों में कामकाज प्रभावित हो रहा है। दिन में करीब 10 बार बिजली गुल होने से कर्मचारियों के साथ-साथ विभिन्न कार्यों के लिए कार्यालयों में पहुंचने वाले लोगों को भी दिक्कतें बढ़ गई हैं। क्षेत्र में बिजली आपूर्ति के लिए स्थापित तीन ट्रांसफार्मरों में से दो खराब हो चुके हैं। इनमें दो ट्रांसफॉर्मर 250-250 केवीए और एक 125 केवीए क्षमता का है। दो ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति का पूरा दबाव एक ट्रांसफार्मर पर पड़ रहा है। इसके चलते बार-बार बिजली बाधित हो रही है और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बिजली की अनियमित आपूर्ति का असर स्वास्थ्य केंद्र और सरकारी कार्यालयों के कामकाज पर पड़ रहा है। दूरदराज के गांवों से इलाज करवाने और तहसील संबंधी कार्यों के लिए होली पहुंचने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों विनोद कुमार, अमित कुमार, रोशन लाल, सुरेंद्र सिंह, देविया राम, राज कुमार आदि का कहना है कि बार-बार बिजली गुल होने से जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। खराब ट्रांसफार्मरों को जल्द ठीक करना या उनके स्थान पर नए ट्रांसफार्मर स्थापित करना जरूरी है। स्थानीय लोगों ने इस समस्या को कुलेठ पंचायत के प्रधान श्याम लाल और जिला परिषद सदस्य सुभाष कुमार के समक्ष भी उठाया है। लोगों ने बिजली बोर्ड से मांग की है कि जल्द समस्या का समाधान किया जाए। बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता जीत राम का कहना है कि समस्या का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके लिए करीब एक सप्ताह का समय लग सकता है।