चांजू (चंबा)। चांजू और देहरा पंचायतों में तीन दिन से बिजली गुल है। इससे ग्रामीणों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। हैरानी की बात है कि तीन दिन बाद भी बिजली बोर्ड सप्लाई को सुचारु नहीं करवा पाया है। बिजली आपूर्ति ठप होने से विशेषकर वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने विद्युत बोर्ड प्रबंधन के अधिशासी अभियंता से प्राथमिकता के आधार पर क्षेत्र में बिजली सप्लाई को सुचारु करवाने की मांग की है।
चुराह उपमंडल के तहत दो पंचायतों की 7,500 की आबादी बिजली सप्लाई न होने से अंधेरे में ही ठिठुरने के लिए विवश है। विद्युत सप्लाई न होने से ग्रामीण अपने मोबाइल फोन तक चार्ज नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों को मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए दो से चार किलोमीटर का सफर तय कर दूसरे गांवों का रुख करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत बोर्ड प्रबंधन सर्दियों में विद्युत सप्लाई को सुचारु बनाए रखने के लिए गर्मियों में बिजली कट लगाकर मरम्मत कार्य करवाने के दावे करता है जिसका कोई भी फायदा नहीं होता है।
सर्दियों में हल्का मौसम खराब होते ही बिजली गुल पड़ जाती है। ग्रामीणों अमी चंद, राजिंद्र कुमार, नरेश कुमार, हाकम चंद, नारायण सिंह, दलीपा राम, किरपा राम आदि ने बताया कि बिजली न होने से लोगों के जरूरी दस्तावेज तक लोकमित्र केंद्रों में नहीं बन पा रहे हैं। विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता दीवान चंद ने बताया कि बर्फबारी के कारण विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं। बिजली बहाल करने के लिए कर्मचारी जुटे हुए हैं।