चंबा के एक ढाबे में निरीक्षण करती पुलिस टीम।संवाद
चंबा। पुलिस थाना सदर की टीम ने शहर के इर्द-गिर्द चल रहे ढाबों में शराब बेचने वाले ढाबा संचालकों पर शिकंजा कस दिया है।
वीरवार आधी रात को पुलिस टीम ने सुल्तानपुर में चल रहे एक ढाबे में दबिश दी। यहां कुछ लोग शराब पीते पकड़े गए। पुलिस की जांच में सामने आया कि अवैध तरीके से ढाबे में शराब बेची जा रही थी। पुलिस ने ढाबा मालिक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस टीम देर रात को गश्त पर निकली थी। हरदासपुरा और मुगला के ढाबों में दबिश दी गई। यहां सार्वजनिक स्थल पर नशा करने की शिकायत पुलिस को मिली थी। हालांकि, पुलिस को इन स्थानों पर नशा करता कोई नहीं मिला। इसके बाद टीम चामुंडा मार्ग से होकर सुल्तानपुर पहुंची। यहां आधी रात को करीब सवा एक बजे एक ढाबा खुला था। अंदर कुछ लोग शराब पी रहे थे। पुलिस ने दुकान में दबिश दी और ढाबा मालिक से कागजी प्रमाण पत्र मांगा। ढाबा मालिक कोई कागजी प्रमाण पत्र नहीं दिखा पाया। पुलिस ने ढाबा मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस थाना प्रभारी मयंक शर्मा ने बताया कि देर रात गश्त के दौरान एक ढाबा खुला पाया गया। यहां कुछ लोग शराब पी रहे थे। कहा कि पुलिस ने ढाबा मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने ढाबा मालिकों को निर्देश दिए हैं कि वे किसी भी प्रकार का अवैध कारोबार न करें।