चंबा। शहर के गली-मोहल्लों और सड़कों में कूड़ा-कर्कट फेंकने वाले नगर परिषद की पकड़ से दूर हैं।
नगर परिषद शहर को स्वच्छ बनाने के लिए बड़े-बड़े दावे तो करती है, लेकिन शहर के हॉटस्पॉट क्षेत्रों में सीसीटीवी तक नहीं लगा पाई है। नप ने शहरवासियों से कई बार गीला और सूखा कचरा अलग-अलग कर सफाई कर्मियों को देने का आग्रह भी किया, लेकिन कुछ लोग रात के अंधेरे में ही खुले में ही कूड़ा फेंक रहे हैं।
अब सवाल उठता है कि यदि नप ने समय पर शहर के हॉटस्पॉट क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए होते तो खुले में कूड़ा फेंकने वाले पकड़े जाते। अब नप के अधिकारी आचार संहिता हटने के बाद ही हॉटस्पॉट क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात कह रहे हैं।
तीन माह पूर्व नगर परिषद की बैठक में शहर के हॉटस्पॉट क्षेत्राें में सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना बनाई गई थी। निर्णय लिया था कि 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे। यह योजना धरातल पर नहीं उतर पाई है। उधर, नगर परिषद की कार्यवाहक कार्यकारी अधिकारी नीलम राणा ने कहा कि यह मामला ध्यान में है। आचार संहिता हटने के बाद हॉटस्पॉट क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए जाएंगे।