चंबा। जिले में भारी बारिश और तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के के तहत उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि जिले में अलग-अलग स्थानों पर 27 और 29 अप्रैल को भारी बारिश और अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे बारिश, हिमस्खलन एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और ऊपरी पहाड़ों की ओर रुख न करें। खराब मौसम में ट्रैकिंग करना और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाना खतरनाक हो सकता है। बिजली चमकने की सूरत में कम से कम 30 मिनट तक घरों या सुरक्षित इमारतों में ही रहें। नदी-नालों में न जाएं। अचानक जलस्तर बढ़ने का खतरा रहता है। उन्होंने कहा कि लोग मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी चेतावनी पर ध्यान दें। रेडियो, टेलीविजन पर मौसम के बारे प्रसारित बुलेटिन अवश्य सुनें। उन्होंने पंचायत प्रधानों, उप प्रधानों, गैर-सरकारी संगठनों, ट्रैकर्स एवं पैदल यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे इस संदेश को अधिक लोगों तक पहुंचाएं। कहा कि किसी भी आपातकाल स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चंबा के टोल फ्री नंबर 01899-226950, 226951, 226952, 226953 पर सूचित किया जा सकता है।