चंबा। नगर परिषद चंबा के तहत हरदासपुरा वार्ड के लोगों को अब पटवारी की रिपोर्ट के लिए ज्यादा दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
अब उन्हें पंचायत द्रम्मण के तहत ओबड़ी चौक में ही रिपोर्ट मिल जाएगी। विभाग ने कार्यालय यहां वैकल्पिक तौर पर शिफ्ट किया है। सेटलमेंट की वजह से इसे पहले उदयपुर शिफ्ट किया गया था। इसके चलते लोगों को काफी परेशानियां हो रही थीं। पहले मुगला और हरदासपुरा के लोगों को पटवारी की रिपोर्ट करियां में मिल जाया करती थी। इसके लिए मात्र एक किलोमीटर का सफर करना पड़ता था। सेटलमेंट के चलते पटवारी को उदयपुर स्थानांतरित किया गया। इस वजह से रिपोर्ट के लिए लोगों को करीब 15 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा था। विभाग की ओर से अब इसे ग्राम पंचायत द्रम्मण के ओबड़ी चौक में शिफ्ट किया गया है। अब करीब चार से पांच किलोमीटर की दूरी रिपोर्ट के लिए तय करनी पड़ेगी। हालांकि, ज्यादा राहत तो नहीं मिल पाई है, कुछ हद तक रिपोर्ट के लिए लोगों की दूरी में कमी आई है।
उधर, सेटलमेंट कानूनगो गोपाल दास ने कहा कि लोगों की समस्या को देखते हुए पटवार कार्यालय को ओबड़ी चौक शिफ्ट किया गया है। पहले उदयपुर में होने के चलते लोगों को ज्यादा परेशानी हो रही थी।