चांजू (चंबा)। चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत चांजू और देहरा में तेज हवा चलने पर बिजली गुल पड़ जाती है।
क्षेत्र में बिजली की लुक्का-छिपी और बिजली की सप्लाई गुल होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में इस प्रकार का सिलसिला करीब तीन महीनों से लगातार जारी रही। बिजली गुल होने का सबसे अधिक खामियाजा स्कूली बच्चों और गृहिणियों को उठाना पड़ रहा है। बिजली के अभाव में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार विद्युत बोर्ड प्रबंधन को इस बाबत सूचित किया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने विद्युत बोर्ड प्रबंधन से क्षेत्र में बिजली की समस्या का समाधान करवाने की विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता से मांग उठाई है।
ग्रामीणों में कुलदीप कुमार, बलदेव कुमार, भूरी सिंह, देवी राम और हरीश कुमार ने कहा है कि जल्द इस समस्या का समाधान निकाला जाए। इससे लोगो को परेशानी का सामना न करना पड़े। लोगों का कहना है कि इस बारे में कई बार बिजली बोर्ड प्रबंधन को अवगत करवाया गया है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। इससे दोनों पंचायतों की 7000 आबादी को अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। उधर, विद्युत बोर्ड प्रबंधन के कार्यवाहक सहायक अभियंता अमित ठाकुर ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। समस्या का समाधान करवाने के प्रयास रहेगा।